लखनऊ-दिल्ली मार्ग पर निर्माण कार्य कर रही एक कंपनी के इंजीनियर को शनिवार की रात बरेली मोड़ स्थित साउथ सिटी कॉलोनी में एक लड़की के साथ बंद मकान में पाए जाने के बाद वहां के लोगों ने बवाल खड़ा कर दिया। दरअसल, ऐसा पहली बार लोगों ने नहीं देखा था। लगभग ढाई साल से मकान में किराए पर अकेले रहने वाला यह इंजीनियर लंबे समय से लड़कियों को यूं ही बुलाने का सिलसिला बनाए हुए था, जिससे कॉलोनी के लोग माहौल बिगड़ता देख रहे थे। सीधे एसपी से शिकायत किए जाने के नतीजे में सीओ समेत काफी फोर्स वहां पहुंचा था। कोतवाली ले जाने के बाद लड़की की मां भी वहां पहुंच गई, जिसने इंजीनियर को अपनी बेटी का अंकल बताया तो बिना कार्रवाई किए ही पुलिस ने हिदायत देते हुए दोनों को छोड़ दिया।
लड़की की मां ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय बेटी भोपाल में बीडीएस का डिप्लोमा कर रही है। साउथ सिटी में रहने वाले इंजीनियर से उनके परिवार के सालों पुराने संबंध हैं। दोनों लोग गाजियाबाद में एक ही कॉलोनी में रहते हैं। उनका बेटा भी इंजीनियर के साथ ही काम कर रहा है। उनकी बेटी गाजियाबाद से भाई से मिलने के लिए यहां आई थी, लेकिन उनके बेटे की परीक्षा थी, इसलिए वह परीक्षा देने चला गया था। बेटी इंजीनियर अंकल के साथ उनके घर में ही रुक गई। बेटी ने उनके पास फोन भी किया था, लेकिन वह तबीयत खराब होने की वजह से फोन रिसीव नहीं कर पाईं थीं।
लड़की की मां की पूरी बात सुनने के बाद पुलिस सकते में पड़ गई। कोतवाली में जुटे कॉलोनी के लोगों को समझाया कि अब इसमें पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकती। तब कॉलोनी वाले भी कोई विरोध नहीं कर सके। बाद में पुलिस ने मां की बात से संतुष्टि जताते हुए लड़की को उसके हवाले कर दिया।