पूर्व जिला पंचायत सदस्य के घर में शनिवार रात सीढ़ी के सहारे घुसे चोरों ने 85 हजार की नगदी सहित लगभग चार लाख रुपये का माल समेट लिया। घरवालों को सुबह जागने पर चोरी का पता चल सका। पुलिस को तहरीर दी गई है। खुटार प्रथम से जिपं सदस्य रहे सतीश वर्मा एलआईसी अभिकर्ता भी हैं। सतीश वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके गांव नवदिया छुटाईपांडे स्थित उनके मकान पर परिवार के लोग शनिवार शाम खाना खाने के बाद सो गए। सुबह साढ़े चार बजे उनकी आंख खुली तो जीने का दरवाजा खुला देखकर उनका माथा ठनका। छत पर जाने पर एक सीढ़ी लगी मिली। अंदर आकर देखा तो कमरे में रखी सेफ खुली पड़ी थी और उसमें रखी नगदी, जेवर आदि गायब था। इससे घर में खलबली मच गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। सतीश वर्मा के अनुसार चोर उनके घर से 85 हजार रुपये की नगदी, सोने की दो चेन, झुमकी, झाले, पांच अंगूठी, दो जोड़ी कुंडल, दो मंगलसूत्र, एक पैंडिल, एक नेकलेस, चांदी की चार जोड़ी पायल आदि सामान गायब मिला। सतीश वर्मा के घर में चोरी के लिए प्रयोग की गई सीढ़ी गांव के ही एक व्यक्ति के घर से उठाई गई थी। चोरों ने गांव के दो अन्य घरों में भी चोरी का प्रयास किया लेकिन जाग हो जाने पर वे भाग गए। सीओ अरुण कुमार ने भी मौका मुआयना किया और पुलिस को चोरों का जल्द पता लगाने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष इफ्तेखार अहमद ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है, जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।