पिछले काफी दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे व्यापारियों ने समूचा बाजार बंद कर दिया। सैकड़ों की संख्या में जुटी भीड़ के साथ बिजली सब स्टेशन पर धरना प्रदर्शन भी हुआ। उन्होंने बिजली अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर जमकर भड़ास निकाली। क्षेत्रीय विधायक राजेश यादव ने भी बिजली सब स्टेशन पर आकर पब्लिक के सुर में सुर मिलाते हुए उनकी उनकी मांगों का समर्थन किया। बाद में एक्सईएन के 16 घंटे बिजली के लिखित आश्वासन के बाद ही शांत हुए।
बता दें कि नगरवासी पिछले काफी दिनों से बिजली की समस्या से जूझ रहे थे। लोगों की बार-बार की चेतावनी के बाद भी समस्या का निदान न होने पर शुक्रवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह सबसे पहले व्यापारियों ने पूरा बाजार बंद करा दिया। उसके बाद कस्बे के लोगों की भीड़ बाजार में इकट्ठा होने लगी। हजारों की संख्या में जुटी भीड़ बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करती हुई बाजार से जुलूस की शक्ल में बिजली सब स्टेशन जाकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस के समझाने का भी लोगों पर कोई असर नहीं पड़ा। भीड़ बिजली अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गई। उसके बाद एसडीएम विजय शंकर दुबे बिजली विभाग के एक्सईएन नरेश पाल सिंह, एसडीओ कुमार विकल्प मौके पर पहुंचे। साथ ही विधायक राजेश यादव भी पहुंच गए। उनका कहना था कि बिल तो शहर के हिसाब से लिया जाता है, लेकिन बिजली ग्रामीण क्षेत्र के हिसाब से दी जाती है। एसडीएम और एक्सईएन के लाख समझाने के बाद भी भीड़ टस से मस नही हुई। तब एक्सईएन ने 16 घंटे बिजली दिए जाने का लिखित आश्वासन दिया । इसके बाद ही भीड़ शांत हुई। बसपा नेता राजीव कश्यप, व्यापारी नेता रमेश चंद्र गुप्ता, दिनेश चंद्र अग्रवाल, पुनीत गुप्ता, भाजपा नेत्री सरोज शर्मा, भाजपा मंडलाध्यक्ष अंशुल गुप्ता, नरेंद्र कुमार गुप्ता, अनूप अग्रवाल, उर्मिला वर्मा, सज्जन खां, अरविंद सिंह, रचित गुप्ता, सुमित त्रिपाठी, पंकज गुप्ता, सुनील गंगवार, शानू, शब्बू, जाकिर, विवेक गुप्ता, सद्दाम अंसारी, सौरभ गुप्ता आदि मौजूद रहे।