खेत में सब्जी लेने गई आठ वर्षीय बालिका से 65 साल के वृद्ध ने दुराचार की कोशिश की। बालिका के शोर मचाने पर वृद्ध ने धमकाकर छोड़ दिया। बालिका के बताने पर ननिहाल के लोगों ने बुजुर्ग की पिटाई करके उसे पुलिस को सौंप दिया, पुलिस मामले की जांच कर रही है। बंडा क्षेत्र के गांव की बालिका अपने नाना के पास खुटार के एक मोहल्ले में रहती है। शुक्रवार शाम पांच बजे बालिका के नाना ने उसे फूल गोभी खरीदने नगर पंचायत कार्यालय के पीछे खेत में भेजा। बालिका का आरोप है कि खेत पर फूलगोभी बेच रहे बुजुर्ग ने उसे खेत के पास बने कमरे में बुलाया और शोर मचाने पर मार देने की धमकी देते हुए उसके कपड़े उतारने शुरू कर दिए। बालिका ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो वृद्ध ने उसे छोड़ दिया। हालांकि कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी दी। लड़की के घर जाकर ननिहाल के लोगों को घटना की जानकारी दी। बताते हैं कि घटना से गुस्साए तमाम लोग मौके पर पहुंचे और वृद्ध को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसके बाद वृद्ध को पुलिस के हवाले कर दिया गया। बालिका ने पुलिस के सामने भी वृद्ध पर लगाए आरोपों की पुष्टि की। एसओ इफ्तेखार अहमद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।