जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) ब्रजेश कुमार शुक्ला को प्रदेश के खाद्य एवं रसद आयुक्त अजय चौहान ने निलंबित कर दिया है। साथ ही एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को निलंबित डीएसओ के विभिन्न बैंकों में खुले बचत खाते खंगाले और जिला पूर्ति कार्यालय के कर्मचारियों के भी बयान लिए। यहां बता दें कि फ्यूल पंप का लाइसेंस जारी करने की एवज में पांच लाख रुपये मांगे गए थे, जिसकी पेशगी के तौर पर दिए पचास हजार रुपये लेते डीएसओ पकडे़ गए थे।
बता दें कि थाना मदनापुर के गांव अगरौली में प्रशका फ्यूल सेंटर के मालिक प्रकाश चंद्र की शिकायत पर मंगलवार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने जिला पूर्ति अधिकारी बीके शुक्ला को रंगेहाथ पचास हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। शुक्ला ने प्रकाश चंद्र का लाइसेंस निरस्त कर दिया था, जिसकी बहाली के लिए उन्होंने पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इससे कम में वह लाइसेंस का रिन्यूवल करने को तैयार नहीं थे। प्रकाश चंद्र ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम बरेली से की थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने अपनी कार्रवाई शुरू की थी। मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे एंटी करप्शन की टीम ने अपना जाल बिछा दिया था। टीम का नेतृत्व मुरादाबाद की डीएसपी प्रज्ञा मिश्रा ने की थी। पंप के प्रबंधक भानु प्रताप सिंह रिश्वत की रकम लेकर डीएसओ कार्यालय पहुंचे और रकम देते ही एंटी करप्शन की टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया था। अगले दिन एंटी करप्शन कोर्ट बरेली में पेश होने बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था।
शुक्रवार को टीम ने बीके शुक्ला के बैंक खातों को खंगालने के लिए विकास भवन की बड़ौदा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, बरेली कार्पोरेशन बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, ओवरसीज बैंक गोविंदगंज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की टाउनहाल शाखा, एचडीएफसी बैंक की टाउनहाल शाखा, स्टेशन रोड पर बड़ौदा ग्रामीण बैंक में खातों को चेक किया गया। इसके साथ ही टीम पूर्ति कार्यालय के कर्मचारियों के बयान लेकर डीएसओ के कारनामों के बारे में जानकारी ली।
कोटेदारों ने दिया हलफनामा
शहर क्षेत्र के 31 कोटेदारों ने एंटीकरप्शन टीम को हल्फनामा देकर बताया कि डीएसओ बीके शुक्ला 20 से 50 हजार रुपये तक प्रति माह रिश्वत लेते थे। रिश्वत नहीं देने पर कोटा निरस्त करने और 3/7 में मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देते थे।
डीएसओ का किसी को नहीं मिला प्रभार
‘50 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए जिला आपूर्ति अधिकारी ब्रजेश कुमार शुक्ला को प्रदेश के खाद्य एवं रसद आयुक्त अजय चौहान द्वारा निलंबित किए जाने का आदेश शुक्रवार को प्राप्त हो गया है। आदेश में निलंबित डीएसओ का कार्यभार अन्य किसी विभागीय अधिकारी को दिए जाने का कोई उल्लेख नहीं है। कार्यभार किसे दिया जाना है, यह खाद्य एवं रसद विभाग से ही तय होगा।Ó
-मुनेंद्र नाथ उपाध्याय, एडीएम प्रशासन