दहेज में एक लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को मारपीट कर फांसी पर लटका दिया गया। इससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालों ने पति को पीट-पीटकर बेदम कर दिया और घर में जमकर तोड़फोड़ की।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला लोधीपुर में बृहस्पतिवार की देर रात का है। इस पूरे मामले में ग्राम विकास अधिकारी सहित छह लोगों को नामजद किया गया है। मौके पर एएसपी सिटी राजेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है। आरसी मिशन थाना क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी गाड़ीपुरा निवासी राजेश कुमार का आरोप है कि उसने अपनी बेटी राधा उर्फ रूबी उम्र 23 साल की शादी प्रेम भास्कर निवासी लोधीपुर थाना रोजा के साथ 17 जून 2012 को थी। शादी के बाद से उसके पति प्रेम भाष्कर, ससुर सुखलाल भाष्कर, सास, जेठ राजवीर, जेठानी रिंकी और ननद उषा देवी उसकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते रहते थे।
आरोप है कि दहेज में एक लाख रुपये की मांग पूरी न कर पाने के कारण उसकी बेटी को उसके ससुरालियों ने पहले मारापीटा फिर फांसी पर लटका दिया। इसकी जानकारी मायके पक्ष के लोगों को मोहल्लेवालों ने मोबाइल पर दी थी। सूचना पर मायके पक्ष के करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग लोधीपुर राधा की ससुराल पहुंच गए और अपनी बेटी राधा की लाश को देखकर आक्रोशित हो गए। मौके पर मायके पक्ष के लोगों ने पहले तो मृतका के पति प्रेम को पकड़कर जमकर धुना, फिर घर में जो कुछ मिला उसे तोड़फोड़ डाला। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आरएन चौधरी मय दलबल के मौके पर गए और आक्रोशित मायकेपक्ष के लोगों को शांत कर प्रेम भाष्कर को हिरासत में लेकर रोजा थाने ले आए। मृतका के पिता राजेश कुमार की तहरीर पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
------
शादी के बाद से ही मेरी बेटी को पहले कार लाने के लिए प्रताड़ित किया जाता था फिर एक लाख रुपये की मांग को लेकर आए दिन परेशान किया गया। हमने कई बार समझाने के प्रयास किया आज इन लोगों ने मेरी बेटी की जान ले ली है।
राजेश कुमार, मृतका के पिता
-----
आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए
थाने पर मायके वालो का हंगामा
आरोपी ससुर पंचायत राज विभाग मे है एडीओ
रोजा। राधा के हत्यारों की मांग को लेकर उसके मायके पक्ष के लोगों ने रोजा थाने में भी हंगामा किया।
बता दें कि दहेज हत्या के आरोप में फंसे ससुर सुखलाल भास्कर पंचायत राज विभाग में ग्राम विकास अधिकारी हैं जो वर्तमान में भावल खेड़ा विकास खंड के गांव ऐंठा हुसैनपुर में तैनात हैं। घटना के बाद से ही वह अपने नामजद परिवार के अन्य सदस्यों सहित भूमिगत हो गए हैं। मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि सरकारी कर्मचारी होने के कारण वह पुलिस को अपने पक्ष में करने का प्रयास कर रहा है। मायके पक्ष के लोगों का कहना है कि घटना के समय बेटी को आंगन में लगे जाल पर लटकाया गया था। आरोपी ससुर बरामदे में सोता रहा यह संभव नहीं है। आरोपियों के मकान की भौगोलिक स्थिति भी ऐसी है कि किसी महिला द्वारा आत्महत्या करना संभव नहीं है। ऐसे में उसकी हत्या कर फांसी का रूप दिया जा रहा है। आरोपी सुखलाल भाष्कर व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई तो मायके वालों ने उच्चस्तरीय अधिकारियों से संपर्क करना तय किया है।
-----
संतान न होने से दुखी राधा ने की खुदकुशी
रोजा। लोधीपुर में बृहस्पतिवार की रात राधा की दहेज हत्या के बाद मायके वालों ने ससुरालियों के घर में रखे टीवी, फ्रिज सहित अन्य सामान को तोड़फोड़ की। मौके पर मिले मृतका के पति प्रेम भाष्कर की जमकर पिटाई कर दी। घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी सिटी राजेश कुमार ने मायके पक्ष के लोगों द्वारा की गई कार्रवाई को गलत ठहराते हुए कहा कि किसी को कानून को अपने हाथ मे लेने की इजाजत नहीं है। हिरासत में लिए प्रेम ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी राधा संतान न होने से परेशान रहती थी और उसका इलाज कटरा के एक डॉक्टर के यहां से चल रहा था। इसी बात को लेकर वह डिप्रेशन में थी और चार दिन से दवा लेने का दबाव बनाने पर भी नही जा रही थी। बृहस्पतिवार को किसी पहर उसने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।