मीट की दुकानें बंद कराने को लेकर दो समुदायों में विवाद के बाद बवाल की आशंका के मद्देनजर सीओ सिटी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत किया। कुछ देर बाद दुकानें बंद कर दी गईं। दुकानदारों ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। जिस पर पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
कुछ संगठन के लोग रामचंद्र मिशन थाना क्षेत्र में रामबाग आश्रम के पास लगीं मीट की दुकानों को बंद कराने पहुंच गए। यहां खुले में बिक रहे मीट की दुकानों को बंद करा दिया गया। कुछ नोकझोंक भी हुई, लेकिन दुकानें बंद करनी पड़ गईं। यहां से निकलकर ये लोग फत्तेपुर चुंगी के पास पहुंचे और यहां भी दुकानों को बंद कराने की कोशिश शुरू कर दी, लेकिन यहां मीट विक्रेता दुकान बंद कराने वालों पर हावी होने लगे। थोड़ी देर में दो समुदाय के तमाम लोग इकट्ठेे हो गए। इसी बीच किसी ने सूचना पुलिस को दे दी। बवाल की आशंका में पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ देर बाद सीओ सिटी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव भी पहुंच गए और और लोगों को शांत किया। हालांकि पुलिस के पहुंचने के पहले विवाद करने वाले लोग मौके से जा चुके थे। पुलिस को मीट विक्रेताओं ने तहरीर दी थी। सीओ सिटी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मामूली विवाद था। जिसे शांत करा दिया गया है।