नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
आंधी के दौरान छप्पर समेत दीवार ढह जाने से वहां सो रहे युवक की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे से घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने घटना की जानकारी ली। थाना पुलिस ने पंचनामा भरकर शव घरवालों के सुपुर्द कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव पचपेड़ा निवासी तीस वर्षीय अनिल की गांव में ही आटा चक्की है। अनिल रात में चक्की पर बनी झोपड़ी में सोते थे। रविवार रात भी वह छप्पर में सो रहे थे। इसी दौरान आई तेज आंधी से छप्पर समेत दीवार छह गई। मलबे में दबकर अनिल की मौत हो गई। सोमवार सुबह घरवालों को घटना की जानकारी हुई तो कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार और लेखपाल ने मुआयना कर परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया। अनिल अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चे छोड़ गए हैं।