मीरानपुर कटरा में पेट्रोल पंप से डीजल लेने जा रहे अधेड़ को डीसीएम ने चपेट में ले लिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव फीलनगर निवासी 50 वर्षीय महेश पाल सोमवार सुबह छह बजे डीजल लेने जा रहे थे। उनके पास पांच-पांच लीटर की दो केन मौजूद थीं। महेश पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तभी नेशनल हाईवे पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलने पर महेश पाल के घरवाले भी पहुंच गए। महेश के तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा हाकिम सिंह दिल्ली में काम करता है।