फसली नुकसान का चेक पाने की चाहत में आए एक बुजुर्ग किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद तहसील परिसर में मौत हो गई। उस समय तहसील पर कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। इस घटना के बाद मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ देर बाद मृतक का पुत्र पिता का शव लेकर घर को चला गया।
मदनापुर क्षेत्र के गांव बिरिया खुर्द का निवासी 65 वर्षीय प्रेमपाल बृहस्पतिवार दोपहर के समय अपने बेटे नवल किशोर के साथ फसली नुकसान का चेक लेने को तहसील पहुंचे थे। क्षेत्रीय लेखपाल ने बताया कि अभी चेक नहीं बना है। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई तो वह पास में ही एक वकील के तख्त पर लेट गए। उधर, नवल दौड़कर पानी ले आया, लेकिन तब तक प्रेमपाल की मौत हो चुकी थी। पिता की मौत से बदहवास नवल को वहां मौजूद लोगों ने ढांढस बंधाया। नवल ने बताया कि वह मृतक का इकलौता पुत्र है और उसके पिता के पास करीब 35 बीघा जमीन है, लेकिन बीते समय अतिवृष्टि के चलते उसकी सारी फसल नष्ट हो गई। सुबह उसके पिता ने उससेे तहसील चलकर नुकसान का चेक लेकर आने की बात कही थी।
चेक बंटने के बाद खत्म हुआ भाकियू का धरना
जलालाबाद। भाकियू कार्यकर्ताओं द्वारा तहसील पर लगातार दो दिनों तक चलाए गए धरना-प्रदर्शन से दबाव में आए प्रशासन ने बुधवार देर रात करीब 30 किसानों को आंदोलन स्थल पर ही चेक बांट दिए, जबकि कलान क्षेत्र के शेष काश्तकारों को दो दिनों के अंदर चेक उपलब्ध करा देने का वादा कर आंदोलन समाप्त करा दिया। हालांकि आंदोलन के समाप्ति के बाद कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को दिए पत्र में कहा है कि यदि प्रशासन ने वादा खिलाफी की तो 15 जून से आंदोलन पुन: शुरू कर दिया जायेगा।
एसडीएम भरत लाल सरोज ने बताया कि बुधवार शाम को नयागांव कुदरासी के धरनास्थल पर मौजूद 30 किसानों को चेक बंटवाई गईं, जबकि उनके निर्देश पर 11 जून को कलान ब्लाक परिसर में कैंप लगाकर मकरंदपुर के 115, कुदरासी के 366, हथिनी नगला के 167, गोकुल नगला के 149, नगला हरजू के 133 तथा लखनपुर के 198 पीड़ित किसानों को लेखपालों द्वारा चेक वितरित करा दिए गए। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र के शेष गांवों के किसानों को भी जल्द ही चेक उपलब्ध करा दिए जाएंगे। एसडीएम ने यह भी बताया कि शासन को भेजी गई डिमांड की धनराशि आ चुकी है और 33 प्रतिशत से ऊपर के नुकसान वाले सभी गांवों के काश्तकारों को शीघ्र ही चेक वितरित करा दिए जाएंगे। मालूम हो कि चेक वितरित कराने समेत विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ता सोमवार से तहसील पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे।