कस्बे में मुख्य चौराहा के पास लगी पुलिस पिकेट से कुछ दूरी पर सोनी ज्वैलर्स एवं रेडीमेड की दुकान में शनिवार की रात चोरों ने नकब लगाकर दो लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। चौकीदार ने मौके से एक चोर को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चोर फायरिंग करते हुए अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग गए। पुलिस ने दुकान के पीछे से बदमाशों द्वारा फायर किए गए दो खोखे कारतूस, टार्च और दुकान के अंदर से आला नकब बरामद किया है।
मूलरूप से थाना पसगवां (लखीमपुर खीरी) के जंगबहादुरगंज में रहने वाले बबलू वर्मा पिछले ढाई साल से मकान बनाकर कस्बे में ही रहते हैं। बबलू वर्मा ने मुख्य चौराहा के पास राकेश पांडेय की दुकान में सोनी रेडीमेड और ज्वैलर्स के नाम दुकान खोल रखी है। शनिवार की शाम बबूल अपनी दुकान बंद करके घर चले गए। रात दो बजे पुलिस के द्वारा दुकान में चोरी की सूचना मिलने पर दुकान पर पहुंचे। चोर दुकान के पीछे की दीवार काटकर दुकान में घुसे थे। चोरों ने दुकान में रखी सेफ का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के दो बेसर, एक टीका, एक जोड़ी झाले, दस ग्राम का फूल, तीन जोड़ी कुंडल, नथ-कुंडलियां, दो लेडीज अंगूठी जिनका वजन करीब 35 ग्राम और ढाई किलो चांदी के जेवर चोरी कर लिए हैं।
चौकीदार पर की फायरिंग
चौराहे के पास रात में गश्त करने वाले चौकीदार रामनिवास ने बताया कि वह रात में दुकान के पीछे शौच के लिए गया था, तब चोरों को देखकर उसने एक चोर को पकड़ लिया था। तभी चोरों ने फायरिंग कर दी, उसने फायर की आवाज सुनकर चोर को छोड़ दिया। इसके बाद चोर फायरिंग करते हुए भाग गए।
दरोगा ने बदलवाई तहरीर
थाने के हल्का दरोगा ने पीड़ित बबलू वर्मा के द्वारा दी गई तहरीर बदलवा दी। दरोगा ने दूसरी लिखवाई तहरीर में चौकीदार के चोर पकड़ने और चोरों के फायरिंग करने की बात को सिरे से नकार दिया।
पहले हुईं चोरियों का खुलासा नहीं
29 सितंबर- सीमेंट और खाद विक्रेता के 15 लाख की चोरी।
30 नवंबर- चौराहा के पास इश्त्यार कबाड़ी का 20 हजार का सामान चोरी हुआ।