मंडल से मिले निर्देश पर बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग की गई। इसमें 333 यात्रियों को अलग-अलग मामलों में पकड़ा गया। उनसे एक लाख 15 हजार 335 रुपये जुर्माना वसूला गया। चेकिंग से यात्रियों में हड़कंप मच गया।
सीनियर डीजीएम के निर्देश पर रेलवे के मुरादाबाद मंडल के एसीएम दिलीप सेठ, सीएमआई संजीव दुबे के निर्देशन में सीआईटी एसके श्रीवास्तव, राजीव शर्मा, थान सिंह, वीजे खान, आरएस श्रीवास्तव और 24 टीटी ने शहर के रेलवे स्टेशन पर चेकिंग की। इसमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 116 यात्रियों से 43190 रुपये, अनियमित यात्रा करने वाले 183 यात्रियों से 67145 रुपये, कूड़ा फैलाने वाले 31 यात्रियों से 4500 रुपये, अधिक सामान रखने वाले एक यात्री से सौ रुपये और धूम्रपान कर रहे दो यात्रियों से 400 रुपये वसूले गए।
जांच टीम ने अप और डाउन लाइन की डिब्रूगढ़ अवध आसाम एक्सप्रेस, पंजाब मेल, राज्यरानी, बरेली-इलाहाबाद पैसेंजर, किसान एक्सप्रेस, बनारस-बरेली एक्सप्रेस, जननायक एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, मुगलसराय एक्सप्रेस, डुप्लीकेट एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, सियालदाह एक्सप्रेस में चेकिंग की। इस दौरान आरपीएफ और आरपीएसएफ के 11 जवान भी मौजूद रहे।