बरेली मोड़ स्थित एक गोदाम में स्टोर करके रखे गए थे सिलेंडर
नेताओं ने सिफारिश में फोन करने शुरू कर दिए, पड़ताल जारी
बरेली मोड पर शुक्रवार देर रात जिला पूर्ति कार्यालय की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर एक गोदाम से भारी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इन सिलेंडरों को कालाबाजारी के लिए रखा गया था। पूर्ति विभाग की टीम मामले में जांच में जुटी हुई है।
पूर्ति कार्यालय को किसी व्यक्ति ने शुक्रवार रात लगभग साढ़े नौ बजे सूचना दी कि बरेली मोड़ पर अजीजगंज पुलिस चौकी के दाहिनी तरफ एक एक पेट्रोल पंप के पास गोदाम में भारी संख्या में गैस सिलेंडर इकट्ठा करके रखे हैं, जबकि यहां पर न तो गैस एजेंसी है और न ही गैस का कोई गोदाम है। मुखबिर की सूचना पक्की समझकर पूर्ति कार्यालय की टीम ने पुलिस के साथ छापेमारी की तो भारी संख्या में सिलेंडर मिल गए। बताया जा रहा है कि बीस गैस सिलेंडर भरे हुए हैं और बीस खाली हैं। पूर्ति विभाग की टीम अभी मौके पर मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है। जिस व्यक्ति के सिलेंडर बताए जा रहे हैं, उसके खलबली मच गई और उसने नेताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में नेताओं ने सिफारिश में फोन करने भी शुरू कर दिए। इससे पूर्ति कार्यालय की टीम और भी सतर्क हो गई। खबर लिखे जाने तक पड़ताल जारी थी।