पीलीभीत के बिलसंडा कसबे के रूपदेवी पब्लिक स्कूल की मार्शल जीप सोमवार को स्कूल के लिए बच्चों को लेने बंडा क्षेत्र में आई थी। मार्शल चालक गांव भांवी, अख्तयारपुर, मुड़िया छावन, महोलिया आदि के 17 बच्चों को लेकर बिलसंडा जा रहा था। गांव महोलिया मोड़ के पास स्कूल वाहन सामने से रजाई गद्दे भरकर आ रहे ईको वाहन से टकरा गया। हादसे में वाहन में सवार बच्चे बाल बाल बच गए। दूसरे वाहन में सवार इमरान घायल हो गया। हादसे के बाद दोनों चालक वाहनों को मौके पर ही छोड़ कर भाग निकले।
सूचना पाकर अभिभावक मौके पर पहुंचे और बच्चों को सही सलामत पाकर चैन की सांस ली। इसके बाद अभिभावक बच्चों को घर ले गए। पुलिस ने बताया कि स्कूल वाहन के टकरा जाने की थाने पर कोई सूचना नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। रजाई व्यापारी को निजी डॉक्टर के यहां भर्ती कराया गया है।