भीषण ठंड में जहां लोग अपने नवजात बच्चों को कलेजे से चिपका लेते हैं कि बाहर की हवा न लगे। वहीं किसी निर्दयी मां ने अपने कलेजे के टुकड़े को तालाब में डाल दिया। बुधवार को बिलंदपुर गांव के तालाब में मानवता का शर्मसार करने वाली घटना हुई। गांव के पास बने तालाब में नवजात बच्ची का नाल सहित शव बरामद हुआ।
गांव के तालाब में मिली बच्ची की लाश की चर्चा पूरे गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई। बिलंदपुर गांव के पूरब में सरकारी नल के पास बने तालाब में ग्रामीणों ने नवजात का शव तैरते हुए देखा। ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने गांव वालों की मदद से नवजात के शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।