बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूट के इरादे से कई किमी तक पीछा करने के बाद बाइक से जा रहे दंपति को टक्कर मारकर गिरा दिया। इससे दंपति और बाइक पर बैठे उनके दो बच्चे घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए और उन्होंने एक बदमाश को पकड़ लिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव गंधरपुर निवासी रमेश ने बताया कि वह अपनी पत्नी लालवती और दो बच्चों के साथ रिश्तेदारी में पीलीभीत के थाना माधोटांडा के गांव नवदिया धनेश गए थे। बृहस्पतिवार को घर लौटते समय पूरनपुर थाना क्षेत्र के गांव सबलापुर से एक बाइक सवार तीन लोग उनके पीछे लग गए। खुटार थाना क्षेत्र के गांव मुरादपुर से कुछ पहले इन लोगों ने रमेश की बाइक रोकने का प्रयास किया लेकिन उसने बाइक दौड़ा दी तो पीछा करने वाले बदमाशों ने बाइक में टक्कर मार कर गिरा दिया।
बाइक गिरने से रमेश, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे घायल हो गए। इस दौरान पीछा करने वालों ने लूटने की कोशिश की तो रमेश और उनकी पत्नी बदमाशों से भिड़ गईं तथा शोर मचा दिया। इस पर आसपास के लोग दौड़ पड़े तो आरोपी मौके से भागने लगे। इस दौरान भीड़ ने एक बदमाश को पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी बाइक लेकर भाग गए। पकड़े गए बदमाश को पुलिस को सौंप दिया गया है। रमेश ने पुलिस को लूट की कोशिश की तहरीर दी है। एसओ इंद्रकुमार ने बताया लूट की कोशिश की बात संदिग्ध है। मामला बाइक टकराने पर विवाद होने का लग रहा है। मामले की जांच कराई जा रही है। घायलों को खुटार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।