कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर मंगलवार देर शाम बाइक और साइकिल की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो व साइकिल सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बाइक सवार दोनों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इसमें एक व्यक्ति की बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का इलाज शहर के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। साइकिल सवार को भी परिजनों ने प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। मामले की तहरीर मदनापुर पुलिस को दी गई है।
कस्बे के मोहल्ला गौसनगर निवासी भटियारा समुदाय के नबी अहमद अपने पड़ोस के ही अजमततुल्ला के साथ बाइक से अपने रिश्तेदार सद्दाम की शादी में शिरकत करने के बाद घर को लौट रहे थे। शाम करीब सात बजे जब उनकी बाइक अतिबरा मोड़ के पास पहुंची, गांव कलान निवासी सुनील साइकिल से अचानक रोड पर बाइक के सामने आ गया। वह अपनी ससुराल अतिबरा से लौट रहा था। बाइक और साइकिल में भिड़ंत होते ही तीनों लोग रोड पर आ गिरे, कुछ ही देर में सुनील की ससुराल के गांव अतिबरा से तमाम लोग लाठी-डंडे लेकर आ गए और घायल बाइक सवारों पर टूट पड़े। इसी बीच वहां डायल 100 पुलिस की गाड़ी पहुंच गई लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल तीनों को जिला अस्पताल भिजवाया लेकिन गंभीर हालत के चलते नबी अहमद को बरेली के प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया जहां रात लगभग 12 बजे उनकी मौत हो गई, जबकि अजमततुल्ला गंभीर हालत में शहर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं।