मांस लेकर जा रहे एक युवक की बाइक फिसल जाने से मांस रोड पर बिखर गया। इसके बाद लोगों ने युवक को पकड़कर जमकर धुनाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
बुधवार सुबह एक युवक गोला की ओर से बाइक से मांस लेकर खुटार आ रहा था। खुटार में बाईपास गोला मार्ग पर अचानक उसकी बाइक फिसलकर गिर गई। इससे बाइक की डिक्की और बैग में भरा मांस, चाकू आदि रोड पर गिर गया। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मांस देखकर शोर मचाया तो तमाम लोग आ पहुंचे और युवक की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई।
पकड़े गए युवक ने अपना नाम इश्तियाक अली और पता खीरी के थाना नीमगांव के गांव पैला का बताया है। युवक के अनुसार वह संरक्षित पशु का मांस खुटार और बंडा में बिक्री करने का काम करता है। बुधवार को भी वह 20 किलो मांस लेकर बंडा जा रहा था। पुलिस ने आरोपी की बाइक सीज कर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मजदूरी के रुपये दिलाने की मांग
पुवायां। गांव मुड़िया कुर्मियात निवासी सुरजीत कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने गांव के ही एक व्यक्ति के खेत में गन्ने की छिलाई की थी। इसकी मजदूरी नहीं दी जा रही है। रुपये मांगने पर गालीगलौज करते हुए पिटाई करने का प्रयास किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मैलानी के युवक का मिला शव
खीरी के मैलानी कस्बे में काली मंदिर के पास रहने वाले 40 वर्षीय हजारीलाल का शव मैलानी क्षेत्र में ही जंगल में पड़ा पाया गया। लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर गई और हजारीलाल को खुटार को सरकारी अस्पताल लाई। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पाकर हजारीलाल के परिवार के लोग भी रोते बिलखते खुटार पहुंचे। मृतक के चेहरे आदि पर चोटों के निशान मिले हैं। बताया जाता है कि मृतक शराब पीने का आदी था। डॉक्टर की सूचना पर खुटार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हजारीलाल के परिवार वालों ने किसी रंजिश से इंकार करते हुए पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।