फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छज्जा ढहने से भाई दबे, एक की मौत

Tue, 17 Mar 2015 12:59 AM IST
शाहजहांपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के मोहल्ला लोधीपुर में सोमवार की दोपहर एक मकान का छज्जा ढहने से उसकी चपेट में आकर मोहल्ले के मिथिलेश कुमार के 11 वर्षीय बेटे विमनेश उर्फ चंचल मौत हो गई, जबकि उनका दो वर्षीय बेटा शुभ उर्फ अंचल घायल हो गया। घायल शुभ की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली ले जाया गया है।
विज्ञापन

मूल रूप से तिलहर क्षेत्र के गांव अजीजपुर निवासी मिथिलेश पिछले दस सालों ने मोहल्ला लोधीपुर की नई बस्ती में मकान बनाकर रहते हैं। मिथलेश अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए टेंपो चलाते हैं। मिथलेश का बेटा विमनेश सोमवार को दिन में करीब साढे़ तीन बजे छोटे भाई शुभ के साथ गली में खेल रहा था। पड़ोस में रहने वाले कल्लू के मकान की पहली मंजिल पर बने छज्जे पर शौचालय का निर्माण हो रहा था, तभी अचानक छज्जा ढह गया। कल्लू के मकान के बाहर खेल रहे विमनेश और शुभ दोनों छज्जे से गिरे मलबे की चपेट में आकर दब गए।
आसपास खड़े मोहल्ले वालों ने दोनों बच्चों को मलबा हटाकर बाहर निकाला। तुरंत ही दोनों बच्चों को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने विमनेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि शुभ की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। परिवार वाले शुभ को लेकर बरेली रवाना हो गए हैं।
विज्ञापन


आकांक्षा गुरुनानक हाई स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था विमनेश
मिथिलेश की बड़ी बेटी आकांक्षा गुरुनानक  हाई स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ती है, जबकि विमनेश इसी स्कूल में कक्षा पांच का छात्र था। सोमवार को विमनेश का सुबह की पाली में विज्ञान का पेपर था। करीब 12 बजे विमनेश स्कूल से लौटा था। मां करुणा ने विमनेश को खाना खिलाया। इसके बाद विमनेश मंगलवार को होेने वाले पेपर की तैयारी करने लगा। इसी बीच छोटे भाई शुभ के रोने पर विमनेश उसे गोद में लेकर घर के बाहर गली में उसे खिलाने लगा। छज्जा गिरने से मलबे की चपेट में आकर विमनेश के हाथ से शुभ छूटकर कुछ दूरी पर गिर गया, जिससे शुभ पूरी तरह से मलबे की चपेट में आने से बच गया, जबकि विमनेश छज्जे से गिरी ईंटों के नीचे दब गया।

हादसे से परिवार हुआ बदहवास
विमनेश की मौत और शुभ की गंभीर हालत को देखकर मां करुणा बदहवास हैं, जबकि बहन आकांशा छोटे भाई के शव से लिपट-लिपट कर रो रही हैं। मिथिलेश छोटे बेटे शुभ की जान को बचाने के लिए उसे लेकर बरेली रवाना हो गए हैं।

घटनास्थल के पास लगा लोगों को तांता
छज्जा गिरने की खबर फैलते ही इलाके के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर इकट्ठी हो गई। घटना के डेढ़ घंटे बाद मौके पर पुलिस पहुंची। इंस्पेक्टर आरएन चौधरी के मुताबिक उन्हें घटना की सूचना काफी देर में लगी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों को भेज दिया गया है।

शहर में जर्जर भवनों से पालिका प्रशासन बेपरवाह
शाहजहांपुर। शहर में तमाम जर्जर भवन हैं, जो गिरताऊ हालत में हैं। इन भवनों की चपेट में आकर लोग घायल हो सकते हैं। इससे बेपरवाह नगर पालिका परिषद के पास ऐसे भवनों की सूची तक नहीं है क्योंकि इसको लेकर अभी तक कोई सर्वे कार्य नहीं कराया गया है। इससे ऐसे भवनों के मालिकों को अब तक नोटिस भी नहीं भेजे गए हैं। किराए के भवनों में संचालित हो रहे तमाम जर्जर स्कूल तो गिरताऊ हालत में है, जिनसे बच्चों की जान को खतरा बना रहता है।  
नगर पालिका परिषद के ईओ मुनेंद्र सिंह राठौर के अनुसार जर्जर भवन होने की कोई शिकायत आती है, तब जांच कराने के बाद नोटिस भेज दिया जाता है। हालांकि वो इस सवाल का जवाब नहीं दे सके कि भवनों की सूची उपलब्ध न होने की दशा में भवन कर वसूलने की प्रक्रिया कैसे पूरी नहीं की जा रही है।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें