फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बजाज मिल में ट्रक से कुचलकर सफाईकर्मी की मौत

Thu, 17 Nov 2016 11:47 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला शाहजहांपुर
विज्ञापन
हादसे के बाद का हाल
विज्ञापन
बजाज चीनी मिल मकसूदापुर में बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार ट्रक ने एक सफाईकर्मी को कुचल दिया। इससे सफाईकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। उत्तेजित परिवार के लोग मिल गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस आए और ट्रक में तोड़फोड़ करने के साथ ही मिल में कुर्सियां आदि तोड़ दी। 
विज्ञापन

बिलसंडा के वार्ड संख्या तीन वाल्मीकि बस्ती निवासी 20 वर्षीय विपिन कुमार मिल में सफाईकर्मी था। बृहस्पतिवार को वह केन यार्ड में झाडू़ लगा रहा था। इसी दौरान गन्ना उतारने के बाद वजन कराने जा रहे खाली ट्रक ने विपिन को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। विपिन के साथी गिरधारी ने भागकर जान बचाई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग निकला। 
जानकारी पाकर विपिन के घरवाले बस्ती के लोगों के साथ मिल गेट पर जा पहुंचे। बवाल की आशंका को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने मिल गेट बंद कर ताला लगा दिया तो लोगों ने ताला तोड़ दिया और मिल में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। बवाल के चलते मिल को बंद करना पड़ा। इसके बाद विपिन के परिवार वालों ने ट्रक में भी जमकर तोड़फोड़ की। विपिन के परिवार के लोगों के हंगामे के चलते मिल के कर्मचारी कार्यालय छोड़कर भाग निकले। 
विज्ञापन

सूचना पाकर बंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। पुलिस को विपिन के परिवार वालों को समझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के प्रतिनिधि नरेंद्र मोहन और बिलसंडा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अटल जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। विपिन के परिवार वालों ने अटल जायसवाल को जमकर खरी खोटी सुनाई। देर शाम तक परिवार के लोगों की मिल प्रबंधन के बीच वार्ता चल रही थी। परिवार के लोग 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे हैं, लेकिन मिल प्रबंधन सवा लाख रुपये देने की बात कर रहा है। पुलिस ने ट्रांसपोर्टर को भी वार्ता के लिए बुलाया है। 
टोकन पोर्टर को किया पीटकर अधमरा
मकसूदापुर। विपिन की मौत के बाद उसके परिवार के लोगों ने मिल परिसर में ट्रक चालक की तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इस बीच किसी ने एक कार्यालय में चालक के छिपे होने की अफवाह फैला दी। इसके बाद परिवार के लोग मिल कार्यालय में घुस गए और कुर्सियां आदि तोड़ दीं। तोड़फोड़ के बीच किसी ने तोल कांटे पर खड़े गांव मुड़िया छावन के लालू को ट्रक चालक बता दिया। उत्तेजित परिवार के लोगों ने लालू को लोहे की रॉड से पीटकर मरणासन्न कर दिया। लालू को बंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।  
मां, बहनों का इकलौता सहारा था विपिन
मकसूदापुर। मृतक विपिन के पिता छंगालाल का दस वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। वह मेहनत मजदूरी कर मां सुशीला देवी, बहन सरिता, सपना और करिश्मा की गुजर बसर करता था। विपिन की मौत से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके सामने रोजी रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।  
तीन दिन पहले ही मिली थी नौकरी
मकसूदापुर। विपिन को तीन दिन पहले ही बजाज चीनी मिल में नौकरी मिली थी। मां सुशीला रो रोकर कह रही थी कि यदि उसे पता होना कि नौकरी काल बनकर आ रही है तो वह बेटे को मिल में नौकरी करने के लिए नहीं भेजती। सुशीला ने बताया कि वह बिलसंडा नगर पालिका अध्यक्ष के पास पुत्र को सफाईकर्मी पद पर लगाने के लिए कई बार गईं, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। पुत्र की मौत पर राजनीति करने के लिए वह मिल पहुंच गए।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें