थाना सदर पुलिस ने शुक्रवार रात टाउनहाल ओवरब्रिज के पास से एक ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर लिया। उसके तीन साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गए। पुलिस ने पकड़े गए ऑटोलिफ्टर की निशानदेही पर चोरी की तीन बाइक बरामद की हैं।
सदर बाजार इंस्पेक्टर केके तिवारी ने बताया कि शुक्रवार रात वह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। रात लगभग साढ़े बारह बजे तीन बाइक के साथ चार लोग बस स्टैंड के पास खड़े दिखे। पुलिस की गाड़ी को देखकर ये लोग भागने लगे। इस पर तीनों का पीछा किया गया। टाउनहाल ओवरब्रिज के पास घेराबंदी करके जलालाबाद के मोहल्ला प्रतापनगर निवासी अनादि शुक्ला को मय बाइक के पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके साथी प्रतापनगर निवासी विनीत, दिबियापुर निवासी रिंकू और अजीत बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने तीनों बाइक कब्जे मेें लेने के साथ ही अनादि से पूछताछ की तो उसने बताया कि तीनों बाइक एक होटल के पास से चोरी की गईं थीं। एक बाइक हद्दफ से चुराई थी। पुलिस ने फरार ऑटोलिफ्टर की तलाश शुरू कर दी है।