जिला अस्पताल आवासीय परिसर में में अनाधिकृत तौर से रह रहे लोगों को जगह खाली करने का अस्पताल प्रशासन की तरफ से नोटिस दिया गया है। पिछले सप्ताह आवासीय परिसर में दिनदहाड़े लैब टेक्नीशियन के घर से चोरी हो गई थी। इसके खुलासे को लेकर अस्पताल कर्मचारी प्रतिदिन दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर रहे हैं।
सीएमएस डॉ. केशव स्वामी ने शनिवार को दिन अपनी टीम और कोतवाली पुलिस के साथ जिला अस्पताल आवासीय परिसर का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में दो लोग अपना मकान बनाकर अनाधिकृत तौर पर रह रहे हैं। दोनों लोगों को परिसर खाली करने का नोटिस दिया गया है। बता दें कि 24 दिसंबर को लैब टेक्नीशियन सत्येंद्र कुमार के घर का ताला तोड़कर दिनदहाड़े चोरों ने लाखों रुपये के जेवर और नगदी चुरा ली थी। चोरी के खुलासे और सुरक्षा को लेकर अस्पताल कर्मचारियों ने रोजाना सुबह आठ से दस बजे तक कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया था। इनकी मांग थी कि अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ाई जाए और अस्पताल की बाउंड्री को दस फिट ऊंचा किया जाए। कुछ लोगों ने शिकायत की थी कि परिसर में कुछ लोग अनाधिकृत तौर रह रहे हैं। इनकी वजह से कॉलोनी के लोग असुरक्षित महसूस कर रहे थे। सीएमएस डॉ. केशव स्वामी ने बताया कि कॉलोनी में अनाधिकृत तौर रहने वाले दो लोगों को जगह खाली करने का नोटिस दिया गया है। कॉलोनी की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
दस दिन बीतने के बाद भी पुलिस खाली हाथ
लैब टेक्नीशियन सत्येंद्र कुमार के घर चोरी हुए दस दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। इससे अस्पताल कर्मचारियों में काफी रोष है। उनकी मांग है कि चोरी का शीघ्र खुलासा हो। ऐसा नहीं होने पर अस्पताल कर्मचारियों ने अनशन की चेतावनी दी है।