पुलिस फोर्स ने गांव पहुंचकर दोनों को ग्रामीणों से छुड़ाया
ताश खेल रहे युवक की सिपाहियों ने कर दी थी पिटाई
युवक को खून से लथपथ देखकर ग्रामीणों को आ गया गुस्सा
क्षेत्र के गांव इकरीखेड़ा में ताश खेल रहे युवक की पिटाई करने पर ग्रामीणों का पुलिस पर गुस्सा भड़क गया। ग्रामीणों ने जवाब में दो पुलिस कर्मियों की जमकर पिटाई कर दी। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पहुंची पुलिस फोर्स ने दोनों सिपाहियों को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस की पिटाई से घायल ग्रामीण को पीएचसी में भर्ती कराया गया है।
रविवार दोपहर बाद लगभग तीन बजे गांव के कुछ लोग ताश खेल रहे थे। इसी बीच दो सिपाही आ गए, जिन्हें देखकर ताश खेलने वाले पुलिस से बचने के लिए मौके से भागने लगे। बताते हैं कि दोनों सिपाहियों ने दौड़ाकर रविंद्र को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के दौरान उसका सिर फट गया। ग्रामीणों ने उसे खून से लथपथ देखा तो उनका गुस्सा भड़क गया और दोनों पुलिस सिपाहियों को पकड़ लिया, फिर उनकी पिटाई शुरू कर दी। जैसे-तैसे सिपाहियों ने खुद को बचाते हुए यूपी 100 डायल को कॉल कर दी। इसके कुछ देर बाद ही 100 डायल की दो गाड़ियां और थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंच गए। फोर्स को देखकर ग्रामीण डर गए और सिपाहियों को छोड़कर पुलिस से बचने के लिए छिप गए। थानाध्यक्ष ने कुछ लोगों से मामले की जानकारी कर पुलिस पिटाई से घायल रवींद्र को एंबुलेंस से पीएचसी भेजा। मामले की जानकारी मिलने पर सीओ जलालाबाद बलदेव सिंह खनेड़ा थाने पहुंचे और घटना की जानकारी की। देर शाम तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई थी।
पहले भी पुलिस पर लग चुके हैं दाग
11 अगस्त को चौक कोतवाली पुलिस के दो सिपाही गर्रा नदी के पास पहुंचे तो वहां कुछ लोग जुआं खेल रहे थे। आरोप है कि सिपाही ओमकार ने वालातिराही निवासी तारिक खां उर्फ पप्पू को डंडा मार दिया, वह नदी में गिरा और उसकी मौत हो गई, इसी तरह से मीरानपुर कटरा में अवैध शराब पकड़ने के छापेमारी करने गई कटरा पुलिस को देखकर भागे एक वृद्ध की छत से गिरकर मौत हो गई, आरोप लगा कि पुलिस ने धक्का देकर मार दिया। दोनों ही मामलों में पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ।
सिपाही इकरीखेड़ा गांव में सम्मन तामील कराने जा रहे थे,वहां कुछ लोग जुआं खेल रहे थे, सिपाहियों को देखकर भागने के दौरान एक व्यक्ति गिर गया और उसको चोट लग गई। इस पर ग्रामीणों ने सिपाहियों को पीटना शुरू कर दिया। पुलिस के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
बलदेव सिंह खनेड़ा, सीओ जलालाबाद