शहर के मोहल्ला तारीन जलालानगर में ऊंची मस्जिद के पास जुआरियों ने अपना अड्डा बना रखा है। इसके विरोध में शुक्रवार को नमाजियों ने अशफाक नगर चौकी का घेराव किया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप था कि युवक का कत्ल होने के बावजूद पुलिस ने मस्जिद के पास से जुए का अड्डा नहीं हटाया। चौकी प्रभारी के जुआरियों पर कड़ी कार्रवाई करने के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
मौलना फारुख रजा ने बताया कि ऊंची मस्जिद के पास दिनभर शरारती तत्व जुआ खेलते हैं। इसका विरोध करने पर दो सप्ताह पहले मोहल्ले में रेहान का मर्डर हो चुका है। जुआ होने की शिकायत कई बार चौकी में की जा चुकी है, लेकिन पुलिस ने इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को नमाज होने के बाद मौलना फारुख रजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नमाजी इकट्ठे होकर अशफाक नगर चौकी गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। भीड़ की वजह से अशफाक नगर चौकी के आसपास जाम लग गया। चौकी पहुंचे प्रभारी अमर सिंह ने नमाजियों को आश्वान दिया कि जुआरियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। तब कहीं एक घंटे बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इसकी वजह से रोडवेज से लेकर स्टेशन तक जाम लग गया। घेराव करने वालों में इमरान खां, बब्बू खां, जीशान खान, खालिद, नईम खां, आमिर, तारिक, फराहन, वसीम आदि शामिल थे।