डेढ़ महीना पहले गल्ला व्यापारियों से हुई आठ लाख की लूट का पुलिस ने मंगलवार को दो बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद खुलासा कर दिया। पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया। इस दौरान दो बदमाश भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो तमंचे और 35 हजार की नकदी बरामद हुई है। इनमें एक बदमाश पर कलान, मिर्जापुर और जलालाबाद थानों में लूट तथा डकैती के छह मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुबह तड़के पांच बजे गांव सुजावलपुर रोड को जाने वाले रास्ते पर खड़े चार युवकों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए दो को दबोच लिया जबकि दो भाग निकले। पकड़ा गया एक बदमाश गांव खंडहर निवासी आजम जबकि दूसरा गांव हारकटेटा का रिंकू ठाकुर है। दोनों के पास से 315 बोर का एक-एक तमंचा, चार कारतूस तथा 34 हजार आठ सौ की नकदी बरामद हुई है। सीओ सुमित शुक्ल के अनुसार आजम पर डकैती के तीन और लूट के तीन विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाशों ने 24 अक्तूूबर को गल्ला व्यापारी भूरे गुप्ता से आठ लाख की नगदी लूटने की बात कुबूल की है। फरार बदमाशों में इस वारदात में शामिल थाना मिर्जापुर के गांव संगहा निवासी नेम सिंह और बदायूं के थाना उसावां के गांव लिलमा का रतन सिंह यादव था। उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से लूट की वारदात में प्रयोग की गई बाइक भी बरामद की है।