गैंगरेप के मार दिया था बच्ची को, तीन गिरफ्तार
सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र में सोमवार को मिली बच्ची की हत्या के मामले का खुलासा हो गया है। बच्ची से गैंगरेप करने के बाद उसकी हत्या की गई थी। घटना को अंजाम देने वाला बच्ची के रिश्ते का भाई बबलू और गांव निवासी उसका दोस्त राजीव था। पुलिस ने राज छुपाए रखने के कारण बबलू के भाई भोला को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को गुरुवार को न्यायाधीश भगवती श्रीवास्तव की पाक्सो कोर्ट में पेश किया गया। तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। कोर्ट ने तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजते हुए भोला का मजिस्ट्रेटी बयान कराने का निर्देश दिया है।
गुरुवार को मीडिया के सामने तीनों आरोपियों को पेश करते हुए एसपी डा. मनोज कुमार ने बताया कि घटना के बाद से खुलासे में लगी पुलिस टीम ने सुरागों के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। पहले बबलू ने अपने बड़े भाई भोला पर रेप और हत्या करने का आरोप लगाया। इस पर भोला से पूछताछ की गई। उसने अपने भाई के दिए बयान के बारे में पूछा और पता चलते ही पूरा घटनाक्रम उगल दिया। भोला ने बताया कि बबलू और राजीव ने रेप और हत्या की वारदात को अंजाम दिया। उसने देख लिया इसलिए दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी तो वह चुप हो गया। तीनों से फिर पूछताछ की गई तो बबलू और राजीव ने पूरा घटनाक्रम बताते हुए सारा कहानी सुना दी।
बबलू और राजीव ने पूछताछ में बताया कि दोनों की कई दिनों से बच्ची पर नजर थी। सोमवार को बच्ची के परिवार के लोग रिश्तेदारी में गए थे उन्हें मौका मिल गया। बच्ची घर से करीब दो सौ मीटर दूर बांसों के झुरमुट में छायादार स्थान पर गोबर के उपले बना रही थी। काम पूरा होने के बाद जब वह घर लौटने लगी तो दोनों ने उसे दबोच लिया। वह चिल्लाने लगी तो उसका मुंह दबा कर दोनों ने बारी-बारी उसके साथ रेप किया। मुंह से हाथ हटने के बाद बच्ची फिर चिल्लाई तो दोनों ने बच्ची के ही दुपट्टे से ही उसका गला दबाकर मार डाला और लाश को सरसों की तिरी से ढंक दिया। इसी दौरान भोला वहां पहुंच गया तो बबलू और राजीव ने उसे धमकाया कि बात खुली से जान से मार देंगे। इस पर वह शांत हो गया। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी ग्रामीण रमेश कुमार भारतीय और सीओ अनुराग दर्शन भी मौजूद थे।