आधार कार्ड और खाता नंबर की जानकारी लेने के बाद जालसाज ने सफाई कर्मी के खाते से 10 हजार से अधिक की रकम उड़ा ली। इससे सफाई कर्मी और उसका परिवार परेशान है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शाहजहांपुर के मोहल्ला किला निवासी जयकरन पुवायां के गांव बितौनी में सफाई कर्मचारी है। जयकरन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है, जिसमें वेतन की राशि आती है। तीन सितंबर को उसके मोबाइल पर कॉल आईं। कॉल करने वाले को खुद को बैंक की मुख्य शाखा का प्रबंधक बताते हुए आधार कार्ड और खाता नंबर के बारे में जानकारी मांगी। उसने जानकारी बता दी। कुछ देर बाद उसके खाते से 10 हजार 30 रुपये की रकम गायब हो गई। मोबाइल पर एसएमएस आने पर उसे रुपये गायब होने का पता चला। जयकरन ने बैंक जाकर सूचना दी तो बैंक प्रबंधक ने उसे कोतवाली जाकर रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी। पुलिस ने जयकरन की तहरीर पर जांच कराने की बात कहते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।