क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने एसपी को भेजे पत्र में बताया कि 27 दिसंबर की रात तीन बजे पीलीभीत के थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव रायपुर बिचपुरी निवासी दूसरे संप्रदाय के आधा दर्जन से अधिक लोग उसके घर आए और उसकी 15 वर्षीय पुत्री का अपहरण कर ले गए। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया गया। उसने सुबह खुटार थाने जाकर पुलिस को नामजद तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराए जाने और पुत्री को बरामद कराए जाने की मांग की। उसने तहरीर में यह आशंका भी जताई कि आरोपी पुत्री का जबरिया धर्म परिवर्तन करा सकते हैं, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पीड़ित ने एसपी को भेजे पत्र में रिपोर्ट दर्ज कराने और पुत्री की बरामदगी कराए जाने की गुहार की है। उधर, खुटार पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार करते हुए कहा कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, गैर संप्रदाय के लोगों के नाबालिग का अपहरण करने और मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं किए जाने की जानकारी पाकर भाजपा, विहिप, गौरक्षा दल के कई पदाधिकारी पीड़ित से मिले और पूरे मामले की जानकारी ली। हिंदूवादी संगठनों के नेताओं ने कहा कि लड़की के अपहरण के मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।