होली पर पानीपत से घर लौट रहा युवक रास्ते से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। युवक का मोबाइल फोन स्विच ऑफ होने से अनहोनी की आशंका से परेशान घरवालों ने कोतवाली में तहरीर देकर उसका पता लगाने की गुहार की है।
क्षेत्र के गांव करदोला निवासी रामभरोसे का 30 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार हरियाणा के पानीपत में एक कंपनी में कार्यरत है। त्योहार के चलते वह पांच मार्च को घर आने के लिए निकला। यह बात उसने घरवालों को मोबाइल से बता दी। प्रदीप की दिल्ली के आनंद बिहार बस अड्डा पहुंचने तक परिवार वालों से बात होती रही। इसके बाद छह मार्च तक फोन न आने पर इधर से काल की गई तो प्रदीप का मोबाइल स्विच ऑफ जाने लगा, लेकिन इसके बाद भी घरवाले उसका इंतजार करते रहे। आठ मार्च तक घर न पहुंचने पर बुरी तरह परेशान प्रदीप के घरवाले कोतवाली आए और पुलिस को मामले की जानकारी दी।