तिलहर (शाहजहांपुर)। नौकरी का झांसा देकर हजारों बेरोजगारों से 50 लाख रुपये की ठगी के एक आरोपी को लखनऊ और बरेली एसटीएफ टीम ने तिलहर में छापामारी कर गिरफ्तार कर लिया। बेरोजगारों से आवेदन के नाम पर वसूल की गई रकम आरोपी के एसबीआई और एक्सिस बैंक खातों में आई थी। एसटीएफ टीम आरोपी को लेकर यहां से आजमगढ़ रवाना हो गई है।
आजमगढ़ जनपद के थाना कंधरापुर के गांव करेनूआ निवासी अंगद यादव पुत्र लालसरन यादव के खिलाफ चार अप्रैल को नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसटीएफ प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि पर्यावरण रक्षा रोपण संरक्षण की वेबसाइट पर बेरोजगारों से धोखाधड़ी की गई थी। वेबसाइट पर करीब 36 हजार पदों पर रिक्तियां निकाली गई थीं। आवेदन के लिए 175 से 350 रुपये तक शुल्क लिया गया। वेबसाइट पर कार्यालय का पता लखनऊ का दिया गया था। यह पूरी तरह से फर्जी था। आवेदन करने वालों ने मोबाइल से संपर्क साधा तब भी कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में उनको ठगी का अहसास हो गया। जांच के दौरान पाया गया कि ठगी के इस मामले के तार तिलहर के मोहल्ला बिरियागंज से जुड़े हैं। बिरियागंज के नितीश नाम के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पर्दाफाश हो गया। उसके बैंक खातों में 50 लाख रुपये आने की बात भी सामने आई है। ऐसे में टीम ने नितीश को गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ अब उसे संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द करेगी।