फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचायत के दौरान भिड़े दो पक्ष, थाने में भी हुई जूतम-पैजार

विज्ञापन
विज्ञापन
तिलहर (शाहजहांपुर)। छेड़छाड़ के मामले में समझौता के लिए गांव कपसेड़ा में शनिवार सुबह बुलाई गई पंचायत में स्कूल प्रबंधक व प्रधान पक्ष के लोग एक-दूसरे से भिड़ गए। मामला थाने पहुंचा, तो यहां थाना परिसर में भी दोनों पक्षों में जूतम-पैजार हो गई। पुलिस वालों ने बमुश्किल दोनों पक्षों को अलग करके उन्हें थाने की हवालात में डाल दिया। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स ने रूट मार्च किया। एहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। मारपीट में दोनों पक्षों के महिला प्रधान समेत छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों ओर से जानलेवा हमला आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन

शुक्रवार शाम एक किशोरी को रिश्तेदारी में आए थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के दूसरे संप्रदाय के युवक ने छेड़ दिया। विरोध करने पर किशोरी के भाई को आरोपी युवक ने कुछ लोगों के साथ मिलकर धारदार हथियार से प्रहार कर घायल कर दिया। मामले की तहरीर दिए जाने के बाद पुलिस ने रात 10:30 बजे छेड़छाड़ और मारपीट आदि की धाराओं में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो नामजद आसिब और मसरूर को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार सुबह आरोपी पक्ष के लोग चंदन लाल विशाल इंटर कॉलेज के प्रबंधक वीरेश कुमार शर्मा के पास पहुंचे और मामले में समझौता करा देने की बात कही। इस पर कॉलेज प्रबंधक ने किशोरी के परिजनों को बुलवाकर कपसेड़ा गांव में पंचायत की। वहीं किशोरी के समर्थन में महिला प्रधान रामसनेही के परिवार के लोग आ गए। पंचायत में समझौते की बात नहीं बन पाई। जैसे ही पंचायत समाप्त हुई, आरोप है कि तभी प्रधान पक्ष के एक युवक ने कॉलेज प्रबंधक की पिटाई कर दी। इसके बाद विवाद बढ़ गया। जानकारी मिलते ही प्रबंधक पक्ष के लोग आ गए। उन्हें रास्ते में प्रधान के 72 वर्षीय ससुर पूर्व प्रधान भगवानदीन मिल गए। उन लोगों ने उनकी पिटाई कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। गांव में हुए बवाल के बाद पुलिस दोनों पक्ष के कुछ लोगों को लेकर जैसे ही थाने पहुंची। बताते हैं कि तभी कॉलेज प्रबंधक पक्ष के कुछ लोग थाने पहुंच गए और पुलिस जीप से थाने लाए गए विपक्षियों से मारपीट शुरू कर दी। इससे थाना परिसर में अफरतफरी मच गई। पुलिस ने बमुश्किल मारपीट कर रहे लोगों को हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया। घटना के बाद मीरानपुर कटरा, जैतीपुर, मदनापुर थानों के अलावा पुलिस लाइन से भी फोर्स बुला लिया गया।। बाद में सीओ मंगल सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस बल ने गांव पहुंचकर रूट मार्च किया। सीओ ने स्थिति का जायजा लेने के साथ ही पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। गांव में सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मारपीट में घायल पूर्व प्रधान 72 वर्षीय भगवानदीन यादव, प्रधान 28 वर्षीय रामसनेही, विचित्र पाल सिंह, 42 वर्षीय संजय कुमार, 40 वर्षीय नन्ही देवी को अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल प्रधान के ससुर पूर्व प्रधान भगवानदीन यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रधानी चुनाव की रंजिश की वजह से भी बढ़ा विवाद
कॉलेज प्रबंधक वीरेश और प्रधान रामसनेही के बीच प्रधानी चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश भी चली आ रही है। शनिवार को पंचायत के दौरान बात बढने पर दोनों पक्षों का गुस्सा भड़क गया। इससे मारपीट हो गई।
विज्ञापन

कॉलेज प्रबंधक समेत पांच हिरासत में
पुलिस ने कॉलेज प्रबंधक समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। मामले में प्रधान रामसनेही की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कॉलेज प्रबंधक वीरेश शर्मा और उनके दोनों बेटों विवेक, विपुल व मनोज, अमित, राजीव, अतुल और मिर्जापुर के गांव बहारिया निवासी अनिल कुमार को नामजद कराया गया है। वहीं दूसरे पक्ष के कॉलेज प्रबंधक वीरेश शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान के बेटों अनूप सिंह, धु्रव सिंह, मुकेश व रामरहीस, विचित्र पाल के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 307, 323, 504, 506 में रिपोर्ट दर्ज की है। दोनों पक्षों की ओर से समान धाराओं में मामला दर्ज हुआ हैं।
थाना प्रभारी ने कहा-
शुक्रवार शाम एक लड़की से छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया था, इसके बाद लड़की की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर देर रात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। बताया कि शनिवार सुबह लगभग 9:30 बजे लड़की के ताऊ सत्यपाल के घर पर दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौते को लेकर पंचायत हुई थी।प्रधान पक्ष के एक युवक ने कॉलेज प्रबंधक की पिटाई कर दी। इससे मामला भड़क गया। दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। थाना परिसर में मारपीट का मामला उच्चाधिकारियों से बातचीत के बाद दर्ज किया जाएगा।
विज्ञापन

संतोष कुमार सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष तिलहर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें