अनूप शहर से संबंधित
-----------------------
विधायक भतीजे से पांच लाख की ठगी
सोने की मूर्ति दिलवाने के नाम पर बनाया जालसाजी का शिकार
एसपी के आदेश पर पंद्रह दिन बाद दर्ज किया गया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
रोजा ।
पंद्रह दिन पहले अनूप शहर के बीजेपी विधायक के भतीजे को सोने की मूर्ति देने के नाम पर चार शातिरों ने पांच लाख रुपये ठग लिए। एसपी डॉ. एस चन्नप्पा के निर्देश पर पुलिस ने शुक्रवार को मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
फरीदाबाद के थाना बल्लभगढ़ आर्यनगर निवासी अरविंद शर्मा ने पुलिस को बताया कि उसके यहां रोजा थाने के गांव बहादुरपुर पट्टी निवासी सोमपाल काम करता था। उसने कटिया कम्मू गांव में सोने की मूर्ति बेचने वाले के बारे में बताया। सोने की मूर्ति खरीदने के लिए कटिया कम्मू के चांद मियां ने उसे रुपये लेकर बहादुरपुर पट्टी गांव बुलाया था। आरोप है कि चांद मियां, सोमपाल, चंदन और लालू ने 24 मई को गांव पहुंचने पर इन चारों ने एक राय होकर उससे पांच लाख छीन लिए और पीतल की मूर्ति देकर कहा कि यदि पुलिस को बताओगे, तो तुम्हेें मार देंगे। बाद में चारों लोग दो बाइकों से सवार होकर फरार हो गए ।
अरविंद शर्मा का आरोप है कि उसने रोजा पुलिस को घटना की सारी जानकारी दी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुुई, लुटे-पिटे अरविंद ने अपने चाचा विधायक अनूप शहर संजय शर्मा को घटना से अवगत कराया। विधायक ने एसपी को फोन पर पूरी घटना की जानकारी दी। एसपी ने क्राइम ब्रांच और रोजा पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के आदेश दिए। देर शाम थानाध्यक्ष जसवीर सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
00
दो जालसाज हिरासत में, पूछताछ जारी
शुक्रवार दोपहर तक पुलिस की टीमों ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम उन लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने पकड़े गए दो आरोपियों की निशानदेही पर पचास हजार रुपये बरामद भी किए हैं, लेकिन अधिकारिक रूप से इसकी पुष्टी नहीं की है।