शाहजहांपुर। जलालाबाद और मिर्जापुर पुलिस ने शनिवार रात मुठभेड़ के दौरान पांच हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने एक चाकू और लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया है। इस दौरान उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। पकड़े गए बदमाश ने लूट की दो वारदातों को भी कबूल किया है। पुलिस उसके दो साथियों को पहले ही जेल भेज चुकी है।
सीओ बल्देव सिंह खनेड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि शनिवार रात करीब एक बजे मुखबिर की सूचना पर कटरा-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर बझेड़ा पुलिया के पास जलालाबाद व मिर्जापुर थाने की पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने खुद का बचाव करते हुए घेराबंदी कर थाना कांट के गांव बमौरी निवासी कांशीराम को दबोच लिया, जबकि उसका साथी मदनापुर निवासी मोनू फायरिंग करता हुआ भाग गया। पूछताछ में कांशीराम ने बताया क़ि करीब दो महीने पहले उसने मदनापुर क्षेत्र में एक व्यक्ति से 42 हजार रुपये की लूट की थी। दो फरवरी को उसने अपने साथियों के साथ जलालाबाद के गांव दुमकापुर में महिला शिक्षा मित्र उर्मिला का पर्स लूटा था। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश की निशानदेही पर उर्मिला से लूटा गया मोबाइल और आधार कार्ड व मदनापुर से लूटी गई नकदी में से एक हजार रुपये भी बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि मदनापुर में हुई लूट के बाद कांशीराम पर पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था। बताया कि इसके दो साथी राहुल और प्रदीप को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।