पुवायां (शाहजहांपुर)। नाहिल की युवती की लखनऊ स्थित ससुराल में बुधवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बृहस्पतिवार को जानकारी मिलने पर मायके वालों ने लखनऊ पहुंचकर संपत्ति विवाद में हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाते हुए लखनऊ पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने बिना रिपोर्ट दर्ज किए ही पोस्टमार्टम कराने के बाद शव मायके वालों के हवाले कर दिया।
पुवायां के गांव नाहिल निवासी भगवानदीन ने अपनी पुत्री नीतू की शादी आठ साल पूर्व लखनऊ के थाना नाका हिंडोला क्षेत्र के मोहल्ला दुगावा अमीनाबाद निवासी पंकज शर्मा से की थी। भगवानदीन के पुत्र अमित ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उन्हें जानकारी मिली की उनकी बहन को ससुरालवालों ने फांसी पर लटका दिया है। वह परिवारवालों के साथ लखनऊ पहुंचा तो पुलिस ने बताया कि नीतू का शव फांसी के फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। इसके बाद उसने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कह कर टरका दिया।
अमित के अनुसार उसके बहनोई की दिसंबर 2016 में मौत हो गई थी। बहन के कोई संतान नहीं थी। बहन की ससुराल के लोग बहन से दूसरी शादी करके घर से चले जाने का दबाव बना रहे थे। जब बहन ने मना किया तो उस पर मायके जाने का दबाव बनाया। बहन के जेठ, जेठानी सहित ससुराल के लोग बहन की संपत्ति को हड़पने की नियत से उसे प्रताड़ित कर भगा देना चाहते थे, इसको लेकर शिकायत मिलने पर उसने लखनऊ जाकर बहन की ससुराल वालों को समझाया, लेकिन उत्पीड़न जारी रहा। नतीजतन अब बहन को मार डाला। पोस्टमार्टम होने के बाद मायके वाले शुक्रवार को शव लेकर गांव नाहिल पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। दोपहर बाद नीतू का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अमित ने डीजीपी से मामले की रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों को गिरफ्तार कराने की मांग की है।