कलान (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने वाले गुरू जी शनिवार को फेसबुक अकाउंट पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को लेकर अभद्र टिप्पणी के मामले में फंस गए। थाने पहुंचे समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं ने एसडीएम अशोक कुमार की मान मनौवल भी की, लेकिन आरोपी शिक्षक को कोई राहत नहीं मिली। इस मामले में पुलिस ने एसडीएम की ओर से टीचर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाना क्षेत्र के गांव निकुर्रा निवासी कुलदीप सिंह यादव एक प्राइवेट इंटर कालेज में शिक्षक हैं। उन्होंने फेसबुक पेज पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के लिए अभद्र टिप्पणी की। एसडीएम ने एक शिकायत मिलने पर इसका संज्ञान लेते हुए कलान थाने में प्रार्थना पत्र दिया। मुख्य विकास अधिकारी महेंद सिंह तंवर ने बताया कि आरंभिक जांच में पता चला कि कुलदीप किसी सरकारी स्कूल में टीचर है। एसडीएम ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में गांव थरिया के प्राथमिक स्कूल में उसकी तैनाती का उल्लेख किया और इसे लेकर थाने पहुंचे सपाइयों ने आपत्ति भी दर्ज कराई। बाद में विस्तृत जांच से पता चला कि वह डायट से बीटीसी प्रशिक्षण लेने के बाद निजी स्कूल में पढ़ा रहा है।
एसडीएम ने प्रार्थना पत्र में कुलदीप पर सम्मानित राजनेताओं, सम्मानित जीव जंतुओं, संप्रदायों और जातियों को अपमानित और आहत करने का आरोप लगाया है। दर्ज रिपोर्ट में एसडीएम ने सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी के प्रिंट आउट मौजूद होने का उल्लेख कर उनकी प्रतियां भी उपलब्ध कराई हैं। एसओ तेजपाल सिंह के अनुसार रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी से जल्द पूछताछ की जाएगी।