शिक्षिका को साथ ले जा रहे युवक ने की मारपीट
पुवायां (शाहजहांपुर)। शिक्षिका को अपने साथ ले जा रहे युवक ने रास्ते में मारपीट शुरू कर दी तो शिक्षिका ने शोर मचा दिया। इस पर लोगों ने आरोपी को पकड़कर सिंधौली पुलिस को सौंप दिया। मामले की रिपोर्ट पुवायां कोतवाली में दर्ज कराई गई है।
जनपद प्रतापगढ़ की एक युवती पुवायां क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका है। उनका आरोप है कि गोरखपुर के थाना खजनी के गांव खुटमार का अभिषेक श्रीवास्तव एक फरवरी को उससे मिलने स्कूल आया था। वह बिना वजह विवाद करने लगा और गाली गलौज करने लगा। विरोध करने पर स्कूल परिसर में ही लात घूसों से पीट दिया और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए शाहजहांपुर चलने को कहा।
शिक्षिका के अनुसार वह मैजिक से शाहजहांपुर जा रही थी तो रास्ते में अभिषेक ने उसके साथ अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दी। इस पर उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर लोगों ने अभिषेक को पकड़कर सिंधौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उसने सिंधौली पुलिस को तहरीर दी तो पुलिस ने मामला पुवायां क्षेत्र का बताते हुए उसे पुवायां कोतवाली भेज दिया। शिक्षिका की तहरीर पर पुलिस ने अभिषेक श्रीवास्तव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि अभिषेक को पुवायां लाकर पूछताछ की जाएगी।