कुर्बानी का फोटो पोस्ट करने के आरोपी गिरफ्तार
तनाव को देखते हुए दूसरे दिन भी कस्बे में तैनात रही पुलिस
संदिग्ध लोगों पर पुलिस की रही नजर, कई से की पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
खुदागंज। फेसबुक पर प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी से जुड़ा धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाला फोटो पोस्ट करने वालों की गिरफ्तारी के बाद भी दूसरे दिन स्थिति तनावपूर्ण रही। इस कारण कस्बे में प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। संदिग्ध लोगों पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। वहीं गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
धर्म विशेष के लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला एक फोटो फेसबुक पर पोस्ट होने के बाद हिंदूवादी संगठन के लोग सड़क पर आ गए और दोषी लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करने लगे। सड़क पर उमड़े हुजूम को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी और भारी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया। थाने के सामने जमा लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दोनों अधिकारियों ने वार्ता कर कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद राष्ट्रीय गोरक्षा संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह की तहरीर पर पुलिस ने क्षेत्र के गांव रामपुर नवदिया निवासी पूर्व सैनिक मुजाहिद अली, इंतजार अली, जलालपुर निवासी जकी अहमद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। तीनों आरोपियों पर पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया, तब लोग शांत हुए। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को दूसरे दिन भी स्थिति तनावपूर्ण रही। इस कारण भारी पुलिस बल कस्बे में तैनात रहा।
---------
बवाल की आशंका में दहशत में रहे लोग
पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत तो कर दिया था लेकिन इसके बाद भी लोगों में इस बात की आशंका बनी रही कि कहीं कोई बवाल न हो जाए, इसलिए तमाम परिवार के ऐसे भी थे, जिनकी रातें जाग कर कटी। पूरी रात सकुशल बीत जाने पर राहत की सांस ली।
--------
धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली पोस्ट डालने वालों को गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेजा गया है। माहौल शांत है, फिर भी पुलिस बल तैनात किया गया है।
संजीव कुमार, कार्यवाहक थानाध्यक्ष