पुवायां(शाहजहांपुर)। थाने से पंचायत कर निकले एक युवती के मायके और ससुराल पक्ष के लोग कोतवाली के सामने ही भिड़ गए। उनमें जमकर मारपीट हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों केे चार लोगों को दबोचकर हवालात में डाल दिया है।
पुवायां के गांव गुधनी की एक युवती की शादी पुवायां नगर में हुई है। युवती का ससुराल के लोगों से विवाद चल रहा है, जिस कारण वह मायके में रह रही थी। शनिवार को युवती ने पुलिस को ससुराल के लोगों के खिलाफ तहरीर दी तो पुलिस ने युवती के ससुराल के लोगों को कोतवाली बुलाया। इस बीच युवती के मायके से पिता, मां सहित कई लोग भी कोतवाली आ पहुंचे। कोतवाली में काफी देर तक चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके बाद पुलिस ने बिना कार्रवाई के ही दोनों पक्षों को घर जाने को कह दिया।
कोतवाली से निकलते ही दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और मारपीट होने लगी। कोतवाली गेट पर मारपीट होते देख कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों ओर से चार लोगों को दबोच लिया। इस बीच मारपीट कर रहे अन्य लोग मौके से भाग निकले। कोतवाली प्रभारी सुधाकर पांडे ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जाएगी।