सराफ की दुकान से चार लाख के जेवर चोरी
कोतवाली के पास वारदात, चार दिन में चोरी की दूसरी बड़ी चोरी, खुली गश्त की पोल
एएसपी ने किया मौका मुआयना, खुलासे को तीन टीमें गठित
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां।
पुवायां कोतवाली के निकट चोरों ने बुधवार रात एक सराफा दुकान के चैनल की कुंडी काटकर और लकड़ी का दरवाजा तोड़कर सोने-चांदी के चार लाख रुपये के जेवर चुरा लिए। चोर मजबूत स्ट्रांग रूम का दरवाजा नहीं खोल सके, जिससे सोने के आभूषण चुराने से बच गए। नगर में चार दिन में चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात है। चार दिन पहले जीएफ कॉलेज के शिक्षक के घर से नकदी सहित चार लाख रुपये की संपत्ति चोरी हो गई थी।
पुवायां कोतवाली के निकट सुधीर अग्रवाल उर्फ सोनी की निरंकार नाथ सुधीर कुमार ज्वैलर्स के नाम से सोने, चांदी के आभूषणों की दुकान है। बुधवार शाम वह रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में किसी समय चोर छत से होते हुए दुकान में घुस आए। चोरों ने बीच में लगे चैनल के तालों की कुंडी काट दी और लकड़ी के एक दरवाजे को भी तोड़ डाला। इसके बाद चोरों ने दुकान में रखे लगभग चार लाख रुपये कीमत के चांदी के जेवर चोरी कर लिए। सोने के जेवर और नकदी आदि दुकान में बने बेहद मजबूत स्ट्रांग रूम में रखे थे। चोर स्ट्रांग रूम को नहीं खोल सके, जिससे सोने केे जेवर और नकदी चोरी होने से बच गई।
चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का कंप्यूटर, मॉनीटर भी अपने साथ उठा ले गए। चोरों ने दुकान में ही शौच भी कर दिया। सुबह सुधीर अग्रवाल ने दुकान खोली तो चोरी का पता चल सका। चोर कई डंडे भी दुकान में ही छोड़ गए हैं। घटना से सुधीर अग्रवाल के होश उड़ गए। जानकारी पाकर एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य, डॉग स्क्वाड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। खोजी कुत्ता दुकान के पीछे मंदिर से होता हुआ टूटी बाउंड्री तक पहुंचा और रुक गया। पुलिस ने मंदिर के चौकीदार रामफूल से पूछताछ की और सुधीर अग्रवाल के नौकरों आदि के बारे में जानकारी जुटाई गई। सुधीर अग्रवाल की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
00
गारंटी के जेवरों को नहीं लगाया हाथ
पुवायां। चोरों ने दुकान में रखे गारंटी वाले जेवरों को हाथ तक नहीं लगाया है। इससे साफ है कि चोरों में कोई ऐसा व्यक्ति जरूर शामिल था, जिसे सोने, चांदी की पूरी परख थी। पुलिस इस दिशा में भी काम कर रही है।
00
सराफा व्यापारी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम और पुवायां पुलिस को लगाया गया है। चोरी का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
सुभाषचंद्र शाक्य, एएसपी ग्रामीण, शाहजहांपुर
00
कसबा इंचार्ज नहीं मानते अधिकारियों के निर्देश
एएसपी ने लगाई कड़ी फटकार, कहा अब नहीं होगा बर्दाश्त
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां।
पुवायां नगर में तैनात दरोगा संजीव सिंह अधिकारियों के आदेश पर कोई ध्यान नहीं देते हैं। उन्हें यह तक नहीं पता है कि नगर क्षेत्र में जिन 35 चोरों के नाम दर्ज हैं, वह जेल में हैं या बाहर। एएसपी ने बृहस्पतिवार को दरोगा से नाराजगी जताते हुए कहा कि अब सीधे कार्रवाई होगी।
पुवायां में कोतवाली से मात्र 50 कदम दूर डॉ. हरीश दीक्षित के घर चोरों ने 18 फरवरी की रात ताले तोड़कर 25 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली थी। एएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी के खुलासे के लिए खुद की कई दिन तक पुलिस टीमों की मॉनीटरिंग की थी। उस समय नगर क्षेत्र के 35 ऐसे लोगों की सूची बनाई गई थी जो चोरी करने में लिप्त थे। एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य ने दरोगा संजीव सिंह को सूची में शामिल सभी चोरों के बारे में पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन दरोगा ने एएसपी के निर्देश को हवा में उड़ा दिया।
बृहस्पतिवार को एएसपी को पुरानी बात याद आई तो उन्होंने दरोगा संजीव सिंह से सूची में शामिल चोरों के बारे में जानकारी देने को कहा, इस पर संजीव सिंह एक भी चोर के बारे में जानकारी नहीं दे सके। एएसपी ने संजीव सिंह को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि वह कार्रवाई के लिए तैयार रहें।