शाहजहांपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हाथीथान में सोमवार शाम जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद में दो पक्षों के बीच फायरिंग मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कई संदिग्ध स्थानों पर दबिशें दीं, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालांकि इससे पूर्व पुलिस इस मामले में एक पक्ष के वसीम व दूसरे पक्ष के मो. रफी को जेल भेज चुकी है।
सदर के मोहल्ला हाथीथान निवासी इमरान खां और वसीम खां के बीच जमीन पर कब्जे को लेकर हुई फायरिंग के बाद पुलिस पर दोनों पक्षों की गिरफ्तारी को लेकर दबाव है। आशंका है कि यदि इन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो दोबारा यह लोग फायरिंग कर पुलिस के लिए बड़ा सिर दर्द बन सकते हैं, इसलिए पुलिस ने इमरान की ओर से नामजद कराए गए नुवैद, तारिक, मोहम्मद नबी की गिरफ्तारी को आरोपियों के घर व उनके संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिल सके। इसके अलावा वसीम की ओर से नामजद इमरान उर्फ लवी, अमान की तलाश में भी दबिशें दी लेकिन वह भी हत्थे नहीं चढ़े। पुलिस ने बताया कि इससे पूर्व एक पक्ष के वसीम व दूसरे पक्ष के मोहम्मद रफी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।