अल्हागंज/ जलालाबाद (शाहजहांपुर) अल्हागंज में शुक्रवार रात ट्रक और टैंकर की टक्कर में दोनों वाहनों के चालकों की मौके पर मौत हो गई। इधर, जलालाबाद क्षेत्र में बाइक से घर लौटने के दौरान तेजगति से आ रही जीप ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। उपचार के दौरान एक की मौत हो गई । वहीं साथी की हालत गंभीर है।
अल्हागंज थाना क्षेत्र के गांव मनिहार के सामने शुक्रवार की देर रात हाईवे पर ट्रक और टैंकर की आमने सामने हुई भिड़ंत में दोनों चालकों की मौके पर मौत हो गई। मृतक चालक गफूर के भाई फरीदपुरके गांव गुसाईगंज निवासी तुफैल खां ने बताया कि उसका भाई गफूर खां फरीदपुर से ट्रक में आलू लादकर कानपुर के लिए चला था। अल्हागंज के गांव मनिहार के सामने हाईवे पर सामने से आ रहे शीरा भरे टैंकर ने ट्रक में टक्कर मार दी, जिसके परिणामस्वरूप ट्रक और टैंकर के दोनों चालक वाहनों मे फंसकर मौके पर ही मर गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को ट्रैक्टर की मदद से अलग कर उनमें फंसे शवों को बाहर निकाला। टैंकर के मृतक चालक का नाम 40 वर्षीय पप्पू पुत्र सिपाही लाल निवासी गांव त्रिलोकपुर थाना इंदरगढ जिला कन्नौज बताया गया है। घटना की रिपोर्ट तुफैल ने थाना पुलिस को दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इधर. जलालाबाद प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गांव सिमराखेरा निवासी राजेश्वर के चार पुत्रों में सबसे बड़ा 23 वर्षीय रामरतन गांव के ही अपने हम उम्र जयेंद्र सिंह के लड़के शेर सिंह के साथ बाइक से थाना मिर्जापुर के गांव बहरिया स्थित अपनी बुआ के घर गया था। देर शाम वह दोनों वापस घर को आ रहे थे। रात करीब दस बजे जब उनकी बाइक कोला मोड़ के पास पहुंची तो सामने से आई तेज स्पीड जीप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक बाइक समेत उछलकर दूर जा गिरे। घटना से दोनों के गंभीर चोटे आई। गांव वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया। देर रात इलाज के दौरान रामरतन की मौत हो गई। शनिवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब उसका शव घर पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने घरवालों से अलग पत्नी विमला देवी व बच्चों के साथ रहता था और मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार को भरण पोषण करता था। मृतक के दो लड़के है, जिनमें चार वर्षीय बड़े पप्पू और एक वर्षीय बेटा है।