अल्हागंज (शाहजहांपुर)। कस्बे में मंगलवार की रात हाईवे पर स्थित मोबाइल शाप से चोरों ने 10 हजार की नकदी व लैपटॉप समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
क्षेत्र के गांव समापुर निवासी पवन की मोबाइल शाप विवेकानंद इंटर कॉलेज के पास हाईवे पर है। मंगलवार की शाम वह दुकान बंद करके घर पर चला गया। रात में चोर पड़ोस की खाली पड़ी दुकान में घुसकर जीने से होते हुए उसकी दुकान की छत पर पहुंच गए। इसके बाद जीने का दरवाजा खोलकर दुकान में पहुंचे। दुकान में उसका लैपटॉप, बैटरा, स्पीकर, 15 मेमोरी कार्ड, 9 मोबाइल 50 मोबाइल चार्जर और एक सौर ऊर्जा प्लेट, दस हजार रुपये चुरा कर भाग गए। पवन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब 80 हजार का नुकसान हुआ है। थाना इंचार्ज ने बताया घटना की जांच पड़ताल के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
उधर, क्षेत्र की ग्राम पंचायत रावतपुर के प्रधान किशनपाल ने बताया कि वह मंगलवार को गांव मऊ शाहजहांपुर में बाइक से रिश्तेदारी में गए थे। वहां मकान के सामने बाइक लॉक करके मकान के अंदर चले गए। इसी बीच उसकी बाइक चोरी हो गई। प्रधान ने थाना पुलिस को बाइक चोरी की तहरीर दी है।