रंगों की बौछार के साथ आज निकलेगा लाट साहब का जुलूस
शाहजहांपुर। भाईचारा और आपसी सद्भाव के प्रतीक पर्व होली पर बृहस्पतिवार को सुबह रंगों की बौछारों के साथ कड़ी सुरक्षा के बीच लाट साहब का जुलूस निकलेगा। जुलूस शहर के कई प्रमुख मार्गों से गुजरता हुआ सदर बाजार और टाउनहाल पहुंचेगा। वहां से हुरियारों का काफिला लाट साहब की सवारी के साथ चौक होते हुए सरोदी बंगला पर समाप्त होगा। जुलूस के निर्धारित रूट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और इसके लिए शहर को दो जोन में बांटकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस और अर्ध सैनिक बलों के जवानों की तैनाती की गई है। डीएम अमृत त्रिपाठी और एसपी डॉ. शिवा सिम्मी चन्नप्पा ने चौक कोतवाली से घंटाघर के बीच जुलूस के निर्धारित मार्ग पर रूट मार्च करके सुरक्षा व्यवस्थाएं जांचीं और कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को ड्रोन कैमरों से आसपास के मकानों की छतों की जांच करने के निर्देंश दिए।
तिलहर में बूथों का निरीक्षण कर लौटे दोनों अधिकारियों ने चौक कोतवाली जाकर प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा से लाट साहब जुलूस की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। बाद मेें उन्होंने घंटाघर तक रूट मार्च कर मुख्य मार्ग से जुडने वाली गलियों और सड़कों पर की गई बैरीकेडिंग चेक की। उन्होंने कई स्थानों पर बैरीकेडिंग मजबूत कर वहां लोहे के तारों की जाली लगाए जाने के निर्देश दिए। जिससे कि बल्लियों को लांघकर आवाजाही नहीं हो सके। डीएम त्रिपाठी ने कहा कि ड्रोन कैमरे चालू कराकर आसपास के मकानों की छतों की जांच कर लें और जहां कहीं ईंट, पत्थर के थोड़े से भी रोड़े दिखें तो उन्हें तत्काल हटवाकर छतें साफ कराएं। एसपी डॉ. चन्नप्पा ने प्रभारी निरीक्षक को जुलूस निकलने के बाद रात आठ बजे तक पुलिस कर्मियों की उनके नियत ठिकानों पर उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।