शाहजहांपुर। सदर बाजार कोतवाली के मोहल्ला ककराकलां में टेंट-डेकोरेशन कारोबारी की शुक्रवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई ने एक महिला समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि, हत्या की कोई ठोस वजह नहीं बताई है, लेकिन पुलिस प्रथम दृष्ट्या इसे नाजायज संबंधों का मामला मान रही है। नामजद चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
सदर बाजार कोतवाली के मोहल्ला मक्कू बजरिया के रहने वाले 27 वर्षीय सनित सक्सेना पुत्र मुन्ना लाल सक्सेना का टेंट और डेकोरेशन का कारोबार है। सनित की दो दुकानें ककराकलां में भी हैं। इन दिनों उसके मकान का निर्माण चल रहा है। निर्माण ककराकलां का रहने वाला राज मिस्त्री बृजपाल कर रहा है। शुक्रवार रात सनित करीब 11 बजे अपने घर आया। उसके साथ बृजपाल भी था। परिवार वालों का कहना है कि सनित स्कूटी से बृजपाल को उसके घर तक छोड़ने के लिए निकला। कुछ ही देर बाद बृजपाल का लड़का अजय उनके घर आया और बताया कि सनित को किसी ने गोली मार दी है। तुरंत ही सनित का भाई आनंद और पड़ोसी सचिन मौके पर पहुंचे। सनित का शव खून में लथपथ था। गोली उसकी दायीं कनपटरी पर सटा कर मारी गई थी, पास ही स्कूटी पड़ी थी। इस पर भी खून के निशान थे। इन लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई आनंद की ओर से बृजपाल, उसकी पत्नी अनीता, ककराकलां के जवाहर और मक्कू बजरिया के छुन्नू, पंमू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आनंद का कहना है कि सनित का दो दिन पहले इन लोगों से झगड़ा हुआ था। हालांकि, पुलिस इसे मामूली झगड़े के बाद हत्या का मामला न मानकर अवैध संबंधों से जोड़कर भी देख रही है।
टेंट और डेकोरेशन कारोबारी के भाई की तहरीर पर महिला समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चर्चाएं कई तरह की हैं। इनमें अवैध संबंधों की बात भी सामने आ रही है। हर पहलू की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। जल्द खुलासा कर दिया जाएगा।
ब्रह्मपाल सिंह, सीओ सिटी