पुवायां (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव चकऊदन में बेटी के घर रह रही वृद्धा की शनिवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की बेटी ने भतीजे पर मां की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
चकऊदन निवासी विजय बहादुर की पत्नी मुन्नी देवी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां 80 वर्षीय जगन्ना देवी दो वर्ष से उसके पास रह रही थी। डेढ़ वर्ष पहले मां ने आठ बीघा जमीन उसके नाम कर दी थी, जिससे मायके के कुछ लोग खुन्नस मानते थे। उसका भतीजा बंडा के गांव बरगदा निवासी कश्मीर छह अप्रैल को उसके घर आया था। छह अप्रैल की रात में उसने घर की गैलरी में सो रही उसकी मां जगन्ना देवी की गला दबाकर और रजाई से मुंह ढक कर हत्या कर दी। हत्या के बाद कश्मीर मौके से भाग निकाला।
रविवार सुबह मां के न उठने पर उन लोगों को हत्या का पता चल सका। कश्मीर की तलाश की गई तो वह गायब मिला। वृद्धा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच की। मुन्नी देवी की तहरीर पर पुलिस ने कश्मीर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।