शाहजहांपुर। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में मामा-भांजे समेत आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
मीरानपुर कटरा के मोहल्ला बाबूपुर निवासी 45 वर्षीय मुन्नालाल अपने भतीजे 20 वर्षीय शिवमंगल पुत्र मेवाराम के साथ बदायूं के थाना शेखूपुर के गांव नौसेरा निवासी भांजे 22 वर्षीय मनोज कुमार को लेकर बाइक से बदायूं से मंगलवार रात लौट रहे थे। देर रात कटरा-जलालाबाद रोड पर मदनापुर क्षेत्र में गांव बन्नू नगरिया के पास खराब खड़ी डीसीएम में बाइक सवार पीछे से घुस गए। इससे तीनों की मौत हो गई। इधर, नेशनल हाईवे पर तिलहर क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह करीब 6:30 बजे नगरिया मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर प्रतापगढ़ के थाना अंटू के गांव देहात कपासी निवासी 22 वर्षीय पवनपाल पुत्र सुदामा पाल की मौत हो गई। वह बाइक से अकेले दिल्ली से प्रतापगढ़ के लिए लौट रहे थे। वहीं थाना बंडा क्षेत्र में बिलसंडा रोड पर बृहस्पतिवार सुबह 10 बजे मकसूदापुर चीनी मिल के पास बाइकों की भिड़ंत में बंडा के गांव दलेलापुर निवासी 23 वर्षीय रामकिशोर पुत्र सीताराम की मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार लोग मामूली घायल हो गए। रामकिशोर अकेले बाइक से पीलीभीत के थाना बिलसंडा के गांव पगार स्थित ससुराल जा रहा था। रामकिशोर की दस माह पहले शादी हुई थी।
इधर, कांट के गांव पिपरौला निवासी रनवीर सिंह के 16 वर्षीय बेटे अरविंद की बृहस्पतिवार हादसे में मौत हो गई, अरविंद अपने साथी 15 वर्षीय मुकेश, 24 वर्षीय अजयवीर पुत्रगण देशराज के साथ बृहस्पतिवार शाम बाइक जमौर में होली मिलने जा रहा था। पिपरौला में मिश्रा कोल्ड स्टोर के पास सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी। बाइक अजयवीर चला रहा था। इस हादसे में अरिवंद की जान चली गई। उसके दोनों साथी घायल हो गए। दूसरी बाइक वाले मौके से भाग गए। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उधर, सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव नागरपाल निवासी 22 वर्षीय रामवीर पुत्र सुरेश बृहस्पतिवार शाम सात बजे अकेले बाइक से जलालाबाद के गांव धियरपुरा स्थित ससुराल जा रहा था। चार मार्च को उसकी शादी हुई थी, पत्नी गीता मायके में थी। कांट रोड पर केआर पेपर मिल के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आकर रामवीर की मौत हो गई। वहीं थाना निगोही में विरासिन गांव के पास सांड से बाइक टकरा जाने पर निगोही कस्बा निवासी 20 वर्षीय अवनीश कुमार पुत्र श्रीकृष्ण की मौत और उसका साथी 19 वर्षीय पुत्र कल्लू घायल हो गया। उसे बरेली रेफर किया गया है। अवनीश तिलहर में बहन के घर से लौट रहा था, तभी हादसे का शिकार हो गए।