निगोही (शाहजहांपुर)। तिलह समारोह से लौट रहे एक ग्रामीण को चार अज्ञात बदमाशों ने रास्ते में रोक कर नकदी और मोबाइल लूटने के बाद उसे खेत में बांध कर डाल दिया। रविवार को उसने थाने पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है।
निगोही के गांव गिरगिचा का रामबहोरे शनिवार को इसी थाने के गांव खलीलपुर में रामकुमार के बेटे के तिलक में शामिल होने गया था। शाम करीब आठ बजे रामबहोरे का आठ वर्षीय भतीजा अमन चाट खाने की जिद करने लगा। रामबहोरे उसे गांव के बाहर स्कूल के पास एक ठेले पर चाट खिलाने ले जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान चार लोग आए। यह जबरन रामबहोरे को खींचकर गन्ने के खेत में ले गए। उससे 18 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। लूटपाट के बाद उसे बांध कर गन्ने के खेत में डाल दिया। अमन भाग कर गांव पहुंचा। घटना के बारे में बताया। इस पर गांव के लोगों ने रामबहोरे को मुक्त कराया। रविवार को रामबहोरे थाने पहुंचा। उसने रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दी है। प्रभारी एसओ सुनील त्रिपाठी का कहना है कि मामला मारपीट का मालूम दे रहा है। फिर भी जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।