पुवायां(शाहजहांपुर)। क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि आठ मार्च को शाम छह बजे वह घर पर अकेली थी। इस बीच गांव बिलंदापुर के दलजीत सिंह और उसका भाई अमरपाल सिंह उसके घर में घुस आए और रेप की नियत से कमरे में खींचने का प्रयास करने लगे। शोर मचाने पर खेत में काम करने गए उसके पति आए तो आरोपियों ने उनके ऊपर तमंचे से फायर कर दिया और भाग निकले। कुछ देर बाद आरोपियों के पिता चरन सिंह उसके घर तलवार लेकर आए और उसे जान से मारने की नियत से दौड़ा लिया, इससे उसे कई जगह चोटें भी आईं।
उधर, एक अन्य मामले में क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शनिवार को वह पति के साथ बाइक से घर से गंगसरा आ रही थी। रास्ते में बाइक पंचर होने पर पति बाइक के पहिये को खोलकर सही कराने गंगसरा चले गए और वह बाइक के पास रुक गई। इस दौरान बंडा के गांव मियांपुर निवासी कुक्कू सिंह अपने एक साथी के साथ मौके पर आ पहुंचा और उससे अश्लील हरकतें करते हुए रेप का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए चले गए। कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।