मीरानपुर कटरा(शाहजहांपुर)। नरियावल बाजार से धान बेच कर लौट रहे व्यापारी को बदमाशों ने बोलेरो में लिफ्ट देने के बाद तमंचे के बल पर उससे 14 हजार रुपये लूट लिए। लूटपाट करने के बाद उसे बरेली बाईपास के पास चलती कार से फेंक कर फरार हो गए। व्यापारी ने रिपोर्ट दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
मीरानपुर कटरा के गांव तहबरगंज निवासी नन्हे गल्ला खरीदने और बेचने का काम करता है। शनिवार को वह धान बेचने नरियावल के बाजार गया था। धान बेचने के बाद वह शाम को घर लौटने के लिए नरियावल में रोड किनारे खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की बोलेरो कार पहुंची। कार में सवार चार लोगों ने मीरानपुर कटरा चलने की बात कही। इस पर नन्हें कार में सवार हो गया। नन्हे के अनुसार कार कुछ दूर ही चली थी इसी दौरान दो बदमाशों ने तमंचे निकाल लिए। शोर करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी जेब में रखे 14 हजार रुपये लूट लिए। लूटपाट के बाद बदमाशों ने उसे बरेली बाईपास के पास चलती कार से फेंक दिया। नन्हे ने रिपोर्ट दर्ज कराने को मीरानपुर कटरा थाने में तहरीर दी है।