पुवायां। पुलिस ने बोलेरो से स्मैक बेचने जा रहे दो लोगों को पकड़कर जेल भेज दिया है। तस्करों के पास से बरामद बोलेरो को सीज कर दिया गया है।
एसआई विपिन कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सात फरवरी को वह सिपाही अमरजीत और रविकुमार के साथ गश्त पर जा रहा था। मोहम्मदी तिराहे पर एक बोलेरो को चेकिंग के लिए रोका गया तो उससे दो लोग उतरकर भागने लगे। दोनों को दौड़ाकर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से स्मैक की 17 पुड़ियां बरामद की गई। बरामद स्मैक का वजन 34 ग्राम निकला। इसके बाद पकड़े गए गांव जुझारपुर के राजेश्वर प्रसाद और पुवायां के मोहल्ला कटरा बाजार के मनोज कुमार प्रजापति थाने लाकर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
आरोपियों ने बताया कि वह स्मैक लाकर पुवायां क्षेत्र में बिक्री करते हैं और बोलेरो भी इसी काम के लिए खरीदी है जो अभी ट्रांसफर नहीं कराई गई है। शुक्रवार को दोनों को जेल भेज दिया गया।